कठेला समय माता (सिद्धार्थनगर)।
जनपद के कठेला समय माता थाना क्षेत्र के अंतर्गत विशुनपुर खुर्द गांव में रविवार की रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक युवक अपनी पत्नी को बेरहमी से पीट रहा था। जब उसकी 60 वर्षीय बुजुर्ग मां बहू को बचाने और बीच-बचाव करने पहुंची, तो तैश में आए कलयुगी बेटे ने अपनी सगी मां को ही बेरहमी से घसीटते हुए जमीन पर पटक दिया। इस गंभीर चोट के कारण बुजुर्ग मां की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बहू को बचाने गई थीं बुजुर्ग मां, बेटे ने उतारा गुस्सा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशुनपुर खुर्द गांव निवासी मृतका कैलाशी देवी (उम्र लगभग 60 वर्ष) के पति छोट्टन गिरी ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती बताई। उन्होंने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा सुनील गिरी रविवार की रात अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और अपनी पत्नी रूपा के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा।
रूपा की चीख-पुकार और शोरशराबा सुनकर मां कैलाशी देवी मौके पर दौड़ीं और बहू को बचाते हुए बेटे सुनील को शांत कराने का प्रयास करने लगीं। आरोप है कि मां का बीच-बचाव करना सुनील को नागवार गुजरा। उसने अपनी पत्नी को छोड़ दिया और अपनी बूढ़ी मां के साथ ही अभद्रता शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि उसने मां को घसीटकर पूरी ताकत से जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। परिजन जब तक उन्हें संभालते, करीब एक घंटे के भीतर उन्होंने दम तोड़ दिया।
चार बेटों में सबसे छोटा है आरोपी, अक्सर करता था मारपीट
परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि मृतका कैलाशी देवी के चार बेटे हैं, जिनमें पप्पू, दयाराम, अर्जुन और सबसे छोटा सुनील गिरी है। ग्रामीणों के अनुसार, सुनील बेहद शराबी किस्म का व्यक्ति है। वह अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी रूपा के साथ बेरहमी से मारपीट करता था, जिसके कारण घर में आए दिन कलह और झगड़े होते रहते थे, लेकिन रविवार की रात उसका यह नशा एक मां की मौत का कारण बन गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
दिलदहला देने वाली इस घटना की सूचना मिलते ही कठेला समय माता थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के पिता (छोट्टन गिरी) की तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे सुनील गिरी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (गैर इरादतन मानव वध) सहित संबंधित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कठेला समय माता के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है। आरोपी सुनील गिरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
बस्ती मंडल न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट

0 टिप्पणियाँ