शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, कोर्ट के आदेश पर हर्रैया पुलिस ने दर्ज की FIR।

 


बस्ती।

जनपद के हर्रैया थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार करने और धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। न्यायालय के कड़े आदेश के बाद स्थानीय पुलिस ने एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसे बेसहारा छोड़कर फरार होने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी युवक घटना के बाद से ही अपना मोबाइल फोन बंद कर पुलिस की पकड़ से दूर है।

विवाह का झांसा देकर विभिन्न शहरों में घुमाया

​पीड़ित युवती ने न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, हर्रैया थाना क्षेत्र के लबदहा निवासी जितेंद्र कुमार ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। आरोपी उसे शादी का अटूट भरोसा देकर अपने साथ ले गया। इस दौरान वह पीड़िता को अलग-अलग शहरों और स्थानों पर घुमाता रहा और लगातार विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

परिजनों के विरोध पर मांगा समय, फिर हुआ फरार

​मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती के परिजनों को इस बात की भनक लगी। परिजनों द्वारा आपत्ति जताने और शादी का दबाव बनाने पर आरोपी जितेंद्र कुमार ने चालाकी दिखाई और कुछ दिनों का समय मांग लिया। आरोप है कि समय बीतने के बाद उसने अपना वादा पूरा नहीं किया और अचानक युवती को अधर में छोड़कर गायब हो गया। उसने अपना मोबाइल नंबर भी पूरी तरह बंद कर लिया ताकि पीड़िता या उसके परिवार वाले उससे संपर्क न कर सकें।

कोर्ट के दखल के बाद एक्शन में आई पुलिस

​पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झूठा नाटक रचकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया और अंत में उसे धोखा दे दिया। स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने के कारण पीड़िता ने अदालत की शरण ली। अब हर्रैया थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए आरोपी जितेंद्र कुमार के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu