बस्ती मंडल न्यूज डेस्क | सिद्धार्थनगर जनपद के भवानीगंज थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार दोपहर अपनी बहन के घर से लौट रहे एक युवक को रास्ते में घेरकर चाकू से गोद दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घात लगाकर बैठे थे हमलावर
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र निवासी लालमन मौर्य शनिवार को भवानीगंज के असाधरपुर गांव में अपनी बहन के घर गए थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वह वापस लौट रहे थे, तभी धनखरपुर गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोक ली।
गाली-गलौज के बाद चाकू से वार
पीड़ित का आरोप है कि धनखरपुर निवासी प्रेम यादव, राजकुमार यादव, अजय यादव और एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें रोकते ही अभद्र गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर सभी ने मिलकर पहले लात-घूंसों से पीटा और फिर प्रेम यादव ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार लालमन की पीठ और पैरों में लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
धमकी देते हुए फरार हुए आरोपी
चीख-पुकार सुनकर जब स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेंवा ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष भवानीगंज विजय शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित लालमन मौर्य की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।

0 टिप्पणियाँ