खलीलाबाद (संतकबीर नगर)। जनपद की कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने एक बेहद शातिर और सनसनीखेज झपटमारी गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार शातिर महिलाएं शामिल हैं। यह गैंग ऑटो और ई-रिक्शा में आम सवारियों की तरह बैठकर महिलाओं के गले से चेन उड़ाता था। पुलिस ने इनके पास से चोरी की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल होने वाली स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
एएसपी ने किया सनसनीखेज खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सुशील कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर सूती मिल मगहर के दक्षिणी तिराहा (मोहम्मदपुर कठार) के पास से घेराबंदी कर इन पांचों आरोपियों को दबोच लिया।
यह हैं गिरफ्तार आरोपी:
- राजेश यादव (निवासी: बाछापार, गोरखपुर) — गैंग का सरगना
- अनिता
- मुस्कान उर्फ आंचल
- आरती
- नेहा
15 मई को ऑटो में दी थी वारदात को अंजाम
इस गैंग ने बीते 15 मई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। भुजैनी निवासी सचिदानंद त्रिपाठी की पत्नी रीता त्रिपाठी जब ऑटो से महादेवा बाजार जा रही थीं, तभी कांटे पुलिस चौकी के आगे बूंधा प्राइमरी स्कूल के पास ऑटो में पहले से बैठी तीन महिलाओं ने उन्हें दबोच लिया और गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद ये महिलाएं रास्ते में पहले से तैयार खड़ी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में बैठकर रफूचक्कर हो गईं।
गोरखपुर का राजेश यादव है मास्टरमाइंड
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस पूरे इंटर-डिस्ट्रिक्ट गैंग का संचालन गोरखपुर का राजेश यादव करता था। राजेश ही वारदात के लिए लग्जरी कार की व्यवस्था करता था। महिलाएं जब ऑटो या ई-रिक्शा में किसी महिला को निशाना बनाकर चेन छीन लेती थीं, तो राजेश उन्हें अपनी कार में बैठाकर सुरक्षित फरार कर देता था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस गिरोह को ट्रैक किया। सभी आरोपियों को सुसंगत धाराओं में जेल भेज दिया गया है।

0 टिप्पणियाँ