सिद्धार्थनगर। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की मौजूदगी में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए कई कड़े फैसले लिए गए।
स्कूल वाहनों के लिए 'स्पेशल' चेकिंग अभियान
जिलाधिकारी ने एआरटीओ विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस की सघन जांच की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना पंजीकरण और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़कों पर दौड़ने वाली बसों को तत्काल बंद किया जाए। बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
ब्लैक स्पॉट और रिफ्लेक्टर पर जोर
रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डीएम ने सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और लोक निर्माण विभाग (PWD) व NHI के अधिकारियों को सड़कों पर 'ब्लैक स्पॉट' चिन्हित कर वहां संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।
इन नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी:
बैठक में जिलाधिकारी ने निम्नलिखित बिंदुओं पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं:
- ओवरलोडिंग व ओवरस्पीड: नियमित अभियान चलाकर किए जाएंगे भारी चालान।
- दोपहिया वाहन: हेलमेट अनिवार्य, तीन सवारी पर पूर्ण प्रतिबंध।
- चारपहिया वाहन: सीट बेल्ट का प्रयोग सुनिश्चित करना होगा।
- नो हेलमेट-नो पेट्रोल: पेट्रोल पंपों पर इस नियम को सख्ती से लागू कराया जाएगा।
रोडवेज चालकों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीएम ने रोडवेज बस चालकों का नियमित नेत्र और स्वास्थ्य परीक्षण कराने की बात कही है, ताकि किसी शारीरिक अक्षमता के कारण दुर्घटना न हो।
इस बैठक में सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया, एडीएम गौरव श्रीवास्तव सहित परिवहन और पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ