संतकबीरनगर। जनपद के मेंहदावल उपजिलाधिकारी (SDM) अरुण कुमार ने मंगलवार देर शाम बेलहरकला विकास खंड के अंतर्गत आने वाले लोहरौली ठुकराई गांव में एक मदरसे पर औचक छापेमारी की। यह कार्रवाई मदरसे में कथित तौर पर अवैध गतिविधियां संचालित होने की गोपनीय सूचना मिलने के बाद की गई।
अभिलेखों की हुई गहन पड़ताल
एसडीएम अरुण कुमार भारी पुलिस बल के साथ जामिया बरकातिया सफिया निजामुद्दीन मदरसे पहुंचे। जांच के दौरान उन्होंने मदरसे के पंजीकरण, छात्रों की संख्या और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों की बारीकी से जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से मदरसा प्रबंधन और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
डीएम को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
जांच के बाद एसडीएम ने बताया कि मदरसे से संबंधित सभी दस्तावेजों की पड़ताल कर ली गई है। मौके पर मिली स्थिति और अभिलेखों के मिलान के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही जिलाधिकारी (DM) को सौंप दिया जाएगा। प्रशासन की इस रिपोर्ट के आधार पर ही मदरसे के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
प्रशासन की पैनी नजर
क्षेत्र में चर्चा है कि प्रशासन इन दिनों संदिग्ध गतिविधियों को लेकर काफी सतर्क है। एसडीएम की इस कार्रवाई को जिले में अवैध कार्यों पर अंकुश लगाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ