बस्ती मंडल न्यूज़ (अम्बेडकरनगर): जनपद के मुख्य डाकघर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक सनसनीखेज ई-मेल के जरिए डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और खुफिया इकाई (LIU) सक्रिय हो गई। सोमवार दोपहर को भारी पुलिस बल ने डाकघर परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
जहरीली गैस और 14 आईईडी बमों का दावा
धमकी भरा ई-मेल डाकघर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को प्राप्त हुआ था। इसमें दावा किया गया कि परिसर में साइनाइड जहरीली गैस से भरे 14 आईईडी (IED) बम लगाए गए हैं, जो सोमवार दोपहर 1:15 बजे ब्लास्ट होंगे। ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और अकबरपुर थाने की टीम ने आनन-फानन में पूरे परिसर को खंगाला। हालांकि, जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
राजनीतिक मांगों और विदेशी नामों का जिक्र
ई-मेल भेजने वाले ने खुद को 'तमिल लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन' का सदस्य बताया है। इस संदेश में मैथ्यू वैनडाइक और डीएमके नेता जाफर सादिक को रिहा करने की मांग की गई है। इसके साथ ही ई-मेल में तमिलनाडु पुलिस के पुराने मामलों और पुलिस सुधारों का जिक्र करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं के खिलाफ 'युद्ध' की घोषणा की गई है।
खुफिया एजेंसियां जांच में जुटीं
एएसपी और अन्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह मेल किसी बड़े नेटवर्क या शरारती तत्व की साजिश हो सकती है। ई-मेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक किया जा रहा है ताकि भेजने वाले का पता लगाया जा सके। सुरक्षा की दृष्टि से डाकघर और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को दें।


0 टिप्पणियाँ