बस्ती मण्डल न्यूज़ डेस्क
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। शाहपुर स्थित नवीन फल मंडी परिसर में गुरुवार को आपदा की मार झेल चुके किसानों के चेहरे पर उस वक्त राहत दिखी, जब उन्हें मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना 2026 के तहत मुआवजे की राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान कुल 14 प्रभावित किसानों को 1 लाख 10 हजार 532 रुपये के चेक वितरित किए गए।
बिचौलियों का खेल खत्म: राघवेन्द्र प्रताप सिंह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब सहायता राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है, जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है। सिंह ने कहा, "पहले आग लगने पर किसान बेबस हो जाता था, लेकिन आज सरकार संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।"
इन किसानों को मिली सहायता
चेक प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में मुख्य रूप से ग्राम धनुआडीह उर्फ हजिरवा के दिलीप कुमार, चौखड़ा के कृष्ण राम, बढ़या के राम शंकर, तेंदुहार के राधेश्याम सिंह, पेडरियाजीत के विजयपाल और अंकुल दुबे समेत 14 किसान शामिल रहे।
मंडी समिति ने दी अहम जानकारी
इस अवसर पर SDM राजेश कुमार और मंडी सचिव राजेश कुमार सिंह ने भी किसानों को सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। मंडी सचिव ने किसानों से अपील की कि वे अपनी मेहनत की उपज को केवल अधिकृत केंद्रों पर ही बेचें, ताकि उन्हें फसल का सही और लाभकारी मूल्य मिल सके और वे शोषण से बच सकें।


0 टिप्पणियाँ