सिद्धार्थनगर: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की जलकर मौत, मायके वालों ने लगाया 'अवैध संबंध और हत्या' का संगीन आरोप

 



सिद्धार्थनगर (ढेबरुआ)।

जनपद के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत संसरी टोला करूआ ग्राम में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। 18 अप्रैल 2024 को हुई शादी के महज दो साल के भीतर ही बेटी की मौत से मायके पक्ष में कोहराम मचा है। मां ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

क्या है पूरा मामला?

​राजेंद्र यादव की बहू और राजेश यादव की पत्नी मंजू उर्फ लाली का शव उनके दूसरे मकान के एक कमरे में झुलसी हुई अवस्था में मिला। घटना के वक्त ससुराल पक्ष का दावा है कि घर के पुरुष सदस्य अपने-अपने काम पर बाहर गए हुए थे। सास शुभावती के अनुसार, मंजू मंजन करने के लिए दूसरे मकान में गई थी, जहां यह हादसा हुआ।

ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

​मृतका की मां कपूरा देवी (निवासी दुबौलिया, चिल्हिया) ने थाने में दी तहरीर में चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं:

  • प्रताड़ना: शादी के बाद से ही पति, ससुर, देवर और देवरानी पर प्रताड़ित करने का आरोप।
  • अवैध संबंध: मां का आरोप है कि पति राजेश के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध थे, जिसका विरोध करने पर अक्सर विवाद होता था।
  • पूर्व विवाद: परिजनों के अनुसार, पहले भी दो बार मामला थाने पहुंचा था, लेकिन समझौते के बाद मंजू वापस ससुराल भेज दी गई थी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद का बयान:

​"मृतका की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu