बस्ती पुलिस की बड़ी कामयाबी: 4.20 लाख के नकली नोटों के साथ अंतरजनपदीय गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

 



बस्ती मंडल न्यूज़ (बस्ती): जनपद में सक्रिय जालसाजों और जाली नोटों का कारोबार करने वालों के विरुद्ध बस्ती पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। स्वात टीम और वाल्टरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 4 लाख 20 हजार रुपये के नकली नोट, 7 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

बक्सई घाट के पास हुई गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, शनिवार को पुलिस टीम बक्सई तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बक्सई घाट पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से मुस्तफा, नबीउल्लाह, नबीउल्लाह उस्मानी, हबीर्बुर्रहमान और मणिकांत चौधरी को हिरासत में लिया। जामातलाशी के दौरान इनके पास से 500, 200 और 100 रुपये के जाली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं।

ऐसे देते थे ठगी को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। यह गिरोह बैंकों के आसपास घूमकर भोले-भाले लोगों को निशाना बनाता था और उन्हें कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देता था। लोगों को झांसे में लेने के लिए ये नोटों की गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगाते थे, जबकि बीच में नकली नोट भरे होते थे।

इन जिलों में फैला था नेटवर्क

अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि यह गिरोह न केवल बस्ती, बल्कि पड़ोसी जिलों सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, अयोध्या और अम्बेडकरनगर में भी सक्रिय था। गिरफ्तार किए गए नबीउल्लाह उस्मानी और हबीर्बुर्रहमान का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।

​पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी पर लगाम लगेगी। फिलहाल, वाल्टरगंज थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu