बस्ती/रुधौली: जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ बस्ती सदर विधायक के भांजे शैलेश कुमार यादव की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। यह हादसा रुधौली थाना क्षेत्र के दासिया पेट्रोल पंप के पास उस वक्त हुआ, जब उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई।
सिद्धार्थनगर से घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक शैलेश कुमार यादव (पुत्र प्रदीप कुमार) मूल रूप से गौर थाना क्षेत्र के ग्राम सेहरिया के निवासी थे। वह सिद्धार्थनगर के बर्डपुर में डाक विभाग में कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को वह अपनी कार से सिद्धार्थनगर से बस्ती की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार रुधौली के दासिया पेट्रोल पंप के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने से कार गड्ढे में जा गिरी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से शैलेश को बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी रुधौली ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
क्षेत्र में शोक की लहर
हादसे की खबर मिलते ही विधायक के समर्थकों और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम हाउस पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
0 टिप्पणियाँ