बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा
अम्बेडकरनगर। जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित होकर कार पलट गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया।
मालीपुर चौराहे के पास रात 11 बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी मयंक राव अपनी बुआ कंचन देवी और परिवार के अन्य सदस्यों को मालीपुर रेलवे स्टेशन से लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार (UP 45 AL 8129) मालीपुर चौराहे के पास पहुँची, अकबरपुर-मालीपुर रोड की ओर से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने लापरवाही से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर ही पलट गई।
घायलों का सीएचसी नगपुर में चल रहा इलाज
हादसे में कंचन देवी और राम पदारथ को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने एंबुलेंस 108 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर, जलालपुर में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस, मुकदमा दर्ज
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मयंक राव की तहरीर पर मालीपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि चौराहे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर ली जाएगी।

0 टिप्पणियाँ