पारिवारिक कलह ने ली युवक की जान, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप



बस्ती मंडल न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट स्थान: डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर। जनपद के डुमरियागंज कस्बे में पारिवारिक विवाद के चलते एक 30 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष (सास और साले) पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या है पूरा विवाद?

​घटना डुमरियागंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14, कृष्णा नगर की है। मृतक अबराक (30 वर्ष) की शादी लगभग एक वर्ष पहले वासा गांव में हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर अनबन रहती थी। पत्नी हुदा अक्सर मायके जाने की जिद को लेकर विवाद करती थी, जिसके कारण मामला तीन महीने पहले थाने तक भी पहुंचा था, जहाँ पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया था।

मुंबई से लौटते ही शुरू हुआ विवाद

​समझौते के बाद पत्नी मायके चली गई थी और अबराक काम के सिलसिले में मुंबई चला गया था। मृतक के भाई मोहम्मद शमशाद ने बताया कि कुछ दिन पहले ससुराल पक्ष ने अबराक को फोन कर पत्नी की डिलीवरी की सूचना दी, जिसके बाद वह मुंबई से वापस घर लौटा।

​आरोप है कि अस्पताल में डिलीवरी के बाद फिर से विवाद शुरू हो गया। परिजनों का दावा है कि वहां सास और साले ने अबराक के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इस अपमान और प्रताड़ना से आहत होकर अबराक ने अपने घर लौटकर फांसी के फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu