सिद्धार्थनगर। गोविंद कुमार: जनपद के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के टीसम गांव में पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी की आशंका को नाकाम कर दिया है। पूर्ति निरीक्षक राना प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार यादव के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घर में छिपाकर रखे गए थे 14 सिलेंडर
गुप्त सूचना के आधार पर पूर्ति निरीक्षक और उनकी टीम ने टीसम निवासी अनिल कुमार यादव के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से कुल 14 इंडेन घरेलू कुकिंग गैस सिलेंडर बरामद हुए। आरोप है कि अनिल यादव इन सिलेंडरों की अवैध रीफिलिंग कर इन्हें ऊंचे दामों पर खुले बाजार में बेचने की फिराक में था। टीम ने सभी सिलेंडरों का वजन कर उनके क्रमांक नोट कर लिए हैं।
संदिग्ध पासबुक और अभिलेखों की जांच
निरीक्षण के दौरान आरोपी के पास से अन्य लोगों के नाम जारी की गई गैस कनेक्शन की पासबुक भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपी बरामद 14 में से 10 सिलेंडरों के कोई भी वैध दस्तावेज या रसीद पेश नहीं कर सका। युग कृष्णा इंडेन सर्विस बढ़नी के मैनेजर ने बताया कि सिलेंडरों की अनुमति की अवधि पहले ही समाप्त हो चुकी थी और कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया था।
पूर्ति विभाग की सख्त चेतावनी
पूर्ति निरीक्षक राना प्रताप सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारों के समय अवैध भंडारण कर कालाबाजारी करना एक गंभीर अपराध है। विभाग ने सभी 14 सिलेंडरों को जब्त कर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

0 टिप्पणियाँ