संत कबीर नगर | 16 मार्च 2026 रिपोर्ट: ब्यूरो रिपोर्ट (बस्ती मंडल न्यूज़)
संत कबीर नगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बिजली विभाग की लापरवाही एक मासूम की जान पर बन आई। जमुअरिया कला गांव में अपने घर की छत पर काम कर रहा एक 15 वर्षीय किशोर 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। बस्ती मंडल न्यूज़ की पड़ताल में सामने आया है कि बिजली की यह लाइन घरों के बेहद करीब से गुजर रही है, जो किसी बड़े खतरे को दावत दे रही थी।
घर की छत पर हुआ भयानक हादसा
जमुअरिया कला निवासी शशांक साहनी (15 वर्ष), पुत्र विक्रम साहनी, रविवार को अपने घर की छत पर किसी काम से गया था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में वह आ गया। करंट इतना जोरदार था कि शशांक बुरी तरह झुलस गया। खुशकिस्मती रही कि बिजली आपूर्ति अचानक बंद होने से वह छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी जान बच गई।
बिजली विभाग की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
परिजनों ने आनन-फानन में घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मेंहदावल में भर्ती कराया है, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। बस्ती मंडल न्यूज़ से बातचीत में परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घनी आबादी के बीच से हाईटेंशन तारों का गुजरना प्रशासन की बड़ी लापरवाही है, जिसके कारण आज शशांक अस्पताल में जीवन और मौत की जंग लड़ रहा है।
बस्ती मंडल न्यूज़ का सवाल
क्या बिजली विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजरते ये मौत के तार आखिर कब हटाए जाएंगे? बस्ती मंडल न्यूज़ प्रशासन से मांग करता है कि इस मामले की जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
ऐसी ही सटीक और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहिये बस्ती मंडल न्यूज़ के साथ।
बस्ती मंडल न्यूज़—आपका क्षेत्र, आपकी आवाज़।

0 टिप्पणियाँ