सांथा (संतकबीरनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | ब्यूरो रिपोर्ट :
संतकबीरनगर जिले के सांथा विकास खंड क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। निघुरी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लोहरसन को जोड़ने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी खड़ंजा सड़क अपनी बदहाली पर आँसू बहा रही है, जिससे दर्जनों गांवों के लोगों में भारी आक्रोश है।
अस्पताल जाने का शॉर्टकट बना 'मुसीबत का रास्ता'
ग्रामीणों के लिए सीएचसी लोहरसन पहुँचने का यह सबसे नजदीकी मार्ग है। सड़क जर्जर होने के कारण सामान्य दिनों में भी आवाजाही मुश्किल होती है, लेकिन बरसात के समय यह मार्ग चलने लायक नहीं रह जाता। सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को होती है। जर्जर खड़ंजे के डर से एम्बुलेंस या अन्य वाहनों को मुख्य मार्ग से होकर करीब 6 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे कई बार इलाज में देरी का खतरा बना रहता है।
पिच रोड की मांग पर अड़े ग्रामीण
स्थानीय निवासी सुहेल रहमानी, दिलीप, गोरखनाथ, फकरू और इब्राहिम अली समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार मांग के बावजूद अब तक इस मार्ग को पिच रोड में तब्दील नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि यह केवल एक सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं की जीवन रेखा है।
विधायक ने दिया आश्वासन
इस समस्या को लेकर मेंहदावल विधायक अनिल कुमार ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि इस सड़क की स्थिति संज्ञान में है और इसके निर्माण कार्य के लिए जल्द ही योजना तैयार कर काम शुरू कराया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ