बीआरडी मेडिकल छात्र के परिजनों से मिले अधिकारी और जनप्रतिनिधि, सीएम राहत कोष से मिला 5 लाख का चेक



संतकबीर नगर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के छात्र आकाश कुमार पाण्डेय की दुखद मृत्यु के बाद रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का दल उनके पैतृक गांव बरगदवा माफी (धर्मसिंहवा) पहुँचा। जिलाधिकारी आलोक कुमार, क्षेत्रीय विधायक अनिल त्रिपाठी और शिक्षक एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद रख रहे हैं नजर

​अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि इस पूरे मामले पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं नजर बनाए हुए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से तीन बार जिलाधिकारी को फोन कर मामले की प्रगति और परिवार की स्थिति की जानकारी ली गई। शासन स्तर से स्पष्ट निर्देश हैं कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और न्याय दिलाया जाए।

शुरुआत में पिता ने सहायता लेने से किया था इनकार

​भावुक क्षणों के बीच, मृतक छात्र के पिता ने शुरुआत में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मिलने वाली सहायता राशि लेने से मना कर दिया था। हालांकि, मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के काफी समझाने-बुझाने और सरकार की मंशा से अवगत कराने के बाद उन्होंने सहयोग राशि का चेक स्वीकार किया। मौके पर एसडीएम और तहसीलदार मेहदावल समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: 'आरोपी पर कब चलेगा बुलडोजर?'

​एक तरफ जहाँ प्रशासन मदद का हाथ बढ़ा रहा है, वहीं दूसरी तरफ गांव और आसपास के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपी को प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है। लोगों ने तीखे सवाल उठाते हुए पूछा कि “आखिर अब तक आरोपी के खिलाफ बुलडोजर जैसी सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई?” ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को फांसी जैसी कठोरतम सजा देने की मांग की है।

न्याय का मिला भरोसा

​अधिकारियों ने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और जांच की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu