डुमरियागंज में डीजल-पेट्रोल का संकट: पंप हुए ड्राई, ईंधन के लिए लगी लंबी कतारें

 


बस्ती मंडल न्यूज़ संवाददाता: गोविंद कुमार

डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर): तहसील क्षेत्र डुमरियागंज में पिछले कुछ समय से डीजल और पेट्रोल की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंप 'ड्राई' हो चुके हैं, जिससे वाहन स्वामियों और किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिन इक्का-दुक्का पंपों पर तेल उपलब्ध है, वहां सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

पंपों पर लटका 'नो स्टॉक' का बोर्ड:

डुमरियागंज और आस-पास के इलाकों में स्थित पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने के कारण 'नो स्टॉक' के बोर्ड लटक गए हैं। वाहन चालक एक पंप से दूसरे पंप के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। इस संकट के कारण यातायात व्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

किसानों की बढ़ी चिंता:

खेती-किसानी के सीजन में डीजल की कमी ने किसानों की कमर तोड़ दी है। पंपों पर ट्रैक्टरों और पिपियों के साथ किसानों की लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो उनके कृषि कार्य प्रभावित होंगे।

आपूर्ति में बाधा बनी वजह:

सूत्रों के अनुसार, तेल डिपो से सप्लाई में आ रही दिक्कतों के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर ईंधन की आपूर्ति बहाल कराई जाए ताकि जनता को इस किल्लत से निजात मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu