सिद्धार्थनगर। जनपद के खेसरहा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार के विवाद में एक युवती द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। भलुहा खदरगड्डी गांव में शुक्रवार देर शाम एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर आरोपी प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रेम संबंध और शादी का दबाव
जानकारी के अनुसार, मृतका का भलुहा खदरगड्डी निवासी बलराम उर्फ निरहु के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के माता-पिता मुंबई में रहते हैं और वह पिछले पांच महीनों से बांसी कोतवाली क्षेत्र स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार को युवती ननिहाल से मेला देखने निकली थी, जिसके बाद वह सीधे प्रेमी बलराम के घर पहुंच गई और गुरुवार तक वहीं रही। इस दौरान उसने बलराम पर शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और युवक ने युवती के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
मौसी के घर लगाई फांसी
प्रेमी के घर से निकाले जाने के बाद, गुरुवार रात करीब 8 बजे युवती उसी गांव में रहने वाली अपनी मौसी के घर पहुंची। वह सीधे एक कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक हलचल न होने पर परिजनों को शक हुआ। जब खिड़की से झांककर देखा गया, तो युवती का शव दुपट्टे के सहारे छत की कुंडी से लटका हुआ मिला।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही खेसरहा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के नाना की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी बलराम उर्फ निरहु के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| प्रतीकात्मक फोटो |

0 टिप्पणियाँ