200 साल पुराने 'दलदला पुल' के दिन बहुरेंगे, 4.24 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुल



सिद्धार्थनगर। जनपद के बेलौहा-नंदौर मार्ग पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जर्जर और संकरे हो चुके ऐतिहासिक दलदला पुल के पुनर्निर्माण को शासन ने हरी झंडी दे दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 4 करोड़ 24 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। नए पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराया जाएगा।

200 साल पुराना है ऐतिहासिक पुल

​बेलौहा बाजार से महज 100 मीटर की दूरी पर बरार नाले पर स्थित यह पुल लगभग 200 वर्ष पुराना बताया जाता है। समय की मार और भारी वाहनों के दबाव के कारण पुल के पाये कमजोर हो चुके हैं और इसकी रेलिंग भी कई जगह से टूट चुकी है। जर्जर स्थिति के चलते यहाँ हमेशा किसी बड़े हादसे का डर बना रहता था।

संकरा और घुमावदार पुल बन गया था 'हादसों का सबब'

​वर्तमान में राज्य मार्ग संख्या 88 (बांसी से नंदौर) पर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। सड़क तो चौड़ी हो गई, लेकिन यह पुल संकरा और घुमावदार होने की वजह से 'बॉटलनेक' बन गया था। रोजाना यहाँ से 200 से अधिक भारी वाहन और हजारों छोटी गाड़ियां गुजरती हैं। नया पुल बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी।

क्षेत्रीय जनता ने विधायक का जताया आभार

​पुल निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर स्थानीय नागरिकों ने खुशी जाहिर की है। क्षेत्रवासियों ने बांसी के विधायक जय प्रताप सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu