दहेज में बुलेट की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न, पति और ससुर समेत कई पर केस दर्ज



जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता मृत्युंजय शर्मा :

​अम्बेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

शादी के समय से ही शुरू हुआ विवाद

​जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के यंदिलपुर की रहने वाली ज्योति कुमारी का विवाह जलालपुर के मरहरा गांव में हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 3 लाख रुपये नकद और फ्रिज, कूलर, अलमारी, सोफा सेट जैसे तमाम घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिए थे। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग शादी के दौरान से ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पर अड़े थे और विवाद कर रहे थे।

बेटी के जन्म के बाद भी नहीं बदला रवैया

​ज्योति कुमारी ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। इस दौरान उसके पति रितिक, ससुर चंद्रजीत, सास राधिका देवी और जेठ संतोष ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने 31 जनवरी 2023 को एक पुत्री (रोशनी) को जन्म दिया। उसे उम्मीद थी कि संतान होने के बाद स्थितियां सुधरेंगी, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार और अधिक क्रूर हो गया। कई बार मायके वालों ने समझाने की कोशिश की, मगर बुलेट की मांग कम नहीं हुई।

पुलिस की कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu