बस्ती मंडल न्यूज़ | ब्यूरो रिपोर्ट
संतकबीरनगर। जनपद के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मगहर में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। एक अज्ञात ट्रक की जोरदार टक्कर से नई कंबाइन मशीन अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। इस हादसे में कंबाइन मालिक व पूर्व ब्लॉक प्रमुख की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और खलासी गंभीर रूप से घायल हैं।
पंजाब से नई कंबाइन लेकर लौट रहे थे पूर्व प्रमुख
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के जद्दूपुर गांव के ग्राम प्रधान और ब्रह्मपुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख देवेंद्र यादव (50) पंजाब से नई कंबाइन मशीन खरीदकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी मशीन मगहर कबीर समाधि स्थल के पास हाईवे पुल पर पहुँची, पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंबाइन मशीन डिवाइडर से टकराकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे लटक गई।
मशीन के नीचे दबने से देवेंद्र यादव की मौत, दो घायल
इस भीषण दुर्घटना में मशीन मालिक देवेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कंबाइन चला रहे ड्राइवर दिनेश राठौर (24) और खलासी सोनपाल कश्यप (27), निवासी शाहजहांपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने देवेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
मृतक देवेंद्र यादव अपने पीछे दो बेटे (सतीश और सुजीत) और एक बेटी सहित पूरा परिवार रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र और उनके गृह जनपद गोरखपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।

0 टिप्पणियाँ