बस्ती मण्डल न्यूज | अम्बेडकरनगर | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा
आलापुर (अम्बेडकरनगर)। जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर मचे घमासान के बीच आलापुर उपजिलाधिकारी (SDM) ने क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने पम्प संचालकों को सख्त निर्देश जारी करते हुए ईंधन की बिक्री के लिए नई सीमा तय कर दी है, ताकि व्यवस्था बनी रहे और अफरा-तफरी न मचे।
ईंधन की बिक्री के लिए सीमा निर्धारित
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में जरकिन या खुले डिब्बे में पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं की जाएगी। इसके साथ ही वाहनों के लिए भी तेल की अधिकतम सीमा तय की गई है:
- दोपहिया वाहन: अधिकतम 200 रुपये का पेट्रोल।
- चारपहिया वाहन: अधिकतम 1000 रुपये तक का ईंधन।
इन आदेशों के लागू होते ही पेट्रोल पंपों पर हड़कंप मच गया और डिब्बे लेकर पहुंचे कई ग्राहकों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
स्टॉक की कमी और टैंकर लोडिंग की समस्या
निरीक्षण के दौरान आलापुर के कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने एसडीएम को अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया। पंप मालिकों का कहना है कि डिपो से ईंधन लाने वाले टैंकरों की लोडिंग में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इस कारण अधिकांश पंपों पर केवल एक से दो दिन का ही स्टॉक शेष बचा है।
पंपों पर लगी लंबी कतारें
प्रशासनिक सख्ती के बावजूद ईंधन की किल्लत की खबरों के बीच आलापुर के पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग अपनी बारी का घंटों इंतजार कर रहे हैं। एसडीएम ने संचालकों को निर्देशित किया है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी तरह की कालाबाजारी या अनियमितता न होने दें।

0 टिप्पणियाँ