बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा
जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरहरा गांव में रविवार को सरकारी भूमि पर लगे पेड़ों को चोरी-छिपे काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते अवैध कटान को बीच में ही रुकवा दिया गया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पिकअप लेकर पहुँचे थे आरोपी, दिनदहाड़े काटे पेड़
ग्राम प्रधान राधिका देवी ने रविवार देर शाम जलालपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही राम बचन पुत्र रामधनी और ज्ञान चंद्र पुत्र राम बचन कुछ अज्ञात लोगों के साथ पिकअप वाहन लेकर पहुँचे। इन लोगों ने ग्राम सभा की सुरक्षित जमीन पर लगे दो विशाल पेड़ों को अवैध रूप से काट लिया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची 'डायल 112'
पेड़ कटने की भनक लगते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। प्रधान ने तत्काल डायल 112 को फोन कर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए पेड़ काटने की प्रक्रिया को रुकवाया, जिससे अन्य पेड़ों को कटने से बचा लिया गया।
जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान, दिए कड़े निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान ने सीधे जिलाधिकारी को दूरभाष के माध्यम से पूरी घटना की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने व्हाट्सएप पर कटे हुए पेड़ों की तस्वीरें मंगवाईं और संबंधित थाने को तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान की शिकायत प्राप्त हो गई है। राजस्व टीम के साथ समन्वय कर मौके की जांच की जा रही है। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाले दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ