बस्ती मंडल न्यूज़ | ब्यूरो रिपोर्ट: संतकबीरनगर
संतकबीरनगर। जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक शोध से रूबरू कराने के उद्देश्य से जिला विज्ञान क्लब द्वारा एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 10 विद्यालयों के 115 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिन्हें रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और औद्योगिक कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत कराया गया।
एडीएम और डीआईओएस ने दिखाई हरी झंडी
इस वैज्ञानिक यात्रा का शुभारंभ एडीएम (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) हरिश्चंद्र नाथ ने हरी झंडी दिखाकर किया। एडीएम ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में जिज्ञासा पैदा करते हैं और उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं, डीआईओएस ने व्यावहारिक अनुभव को ही वास्तविक शिक्षा का आधार बताया।
रोबोटिक्स और AI तकनीक का सीखा पाठ
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं सर्वप्रथम गीडा स्थित KIPM कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी पहुँचे। यहाँ विद्यार्थियों ने कॉलेज के इनोवेशन एवं इनक्यूबेशन सेंटर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्हें भविष्य की तकनीक मानी जाने वाली रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विभिन्न प्रयोगों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही इंजीनियरिंग और फार्मेसी की प्रयोगशालाओं में हो रहे शोध कार्यों की भी जानकारी दी गई।
औद्योगिक इकाई में जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया को समझा
तकनीकी ज्ञान के बाद छात्रों का दल कौशिक बेवरेज (गीडा) पहुँचा। यहाँ छात्रों ने देखा कि कैसे आधुनिक और पूर्णतः स्वचालित मशीनों के माध्यम से जल का शुद्धिकरण किया जाता है। साथ ही, उन्होंने बोतल निर्माण से लेकर पैकेजिंग तक की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझा।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरे कार्यक्रम का समन्वय जिला विज्ञान क्लब की समन्वयक डॉ. नीतू यादव, सह-समन्वयक डॉ. अभिषेक कुमार सिंह और KIPM के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद सिंह व वी. पी. सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर निशा यादव, नीलम राय, विजय राज सहित जिले के कई शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ