बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: रविंद्र भट्ट, बस्ती
कलवारी, बस्ती। जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र में जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर ठग ने ग्राहक बनकर आभूषण की दुकान पर धावा बोला और दुकानदार को अपनी बातों में उलझाकर लाखों रुपये के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
500 रुपये का लालच देकर जीता भरोसा
पीड़ित दुकानदार हरिपाल सोनी, जो लालगंज बाजार के निवासी हैं और कलवारी के पाऊं में अपनी सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुँचा और गहने दिखाने की बात कही। शातिर अपराधी ने पहले सोने का एक लॉकेट पसंद किया और दुकानदार का भरोसा जीतने के लिए 500 रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए।
नजर बचाकर बैग से पार कीं चेन और अंगूठियां
जब दुकानदार अन्य जेवर दिखाने में व्यस्त था, तभी आरोपी ने मौका पाकर दुकान के बैग से तीन सोने की चेन और चार अंगूठियां पार कर दीं। चोरी करने के बाद आरोपी ने बड़ी चतुराई से कहा कि वह बाकी पैसे लेने जा रहा है और थोड़ी देर में आकर सारा सामान ले जाएगा।
लाखों का चूना लगाकर फरार हुआ जालसाज
काफी देर तक जब वह व्यक्ति वापस नहीं लौटा, तो हरिपाल सोनी को अनहोनी की आशंका हुई। जब उन्होंने अपना कीमती सामान चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैग से लाखों रुपये की कीमत के जेवर गायब थे। पीड़ित ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन शातिर ठग का कहीं सुराग नहीं लगा।
पुलिस खंगाल रही है CCTV फुटेज
पीड़ित हरिपाल सोनी ने कलवारी थाना अध्यक्ष को लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कलवारी पुलिस अब आरोपी की पहचान के लिए दुकान और आसपास के रास्तों में लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है, ताकि जालसाज तक पहुँचा जा सके।

0 टिप्पणियाँ