बस्ती: नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; मां-बेटों समेत तीन गिरफ्तार, 113 ग्राम स्मैक और नगदी बरामद

 



बस्ती मंडल न्यूज़ संवाददाता: रविंद्र भट्ट | बस्ती

बस्ती। जनपद में नशे के काले कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही बस्ती पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मां और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक और तस्करी से कमाए गए एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

छापेमारी में पकड़े गए 'सफेद जहर' के सौदागर

​प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने रविवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर आनंद नगर कटरा स्थित 'दीपक कंप्यूटर्स' के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने तीन अभियुक्तों को दबोच लिया, जो इलाके में स्मैक की आपूर्ति करने की फिराक में थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:

  1. राजकुमारी देवी (उम्र लगभग 50 वर्ष)
  2. दीपक कुमार (24 वर्ष)
  3. शिवांश गुप्ता (21 वर्ष) (सभी निवासी: न्याय मार्ग, कचहरी रोड, आनंद नगर कटरा, बस्ती)

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

​पुलिस ने तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से 113.06 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके साथ ही एक लाख रुपये की नगदी भी जब्त की गई है, जो स्मैक की बिक्री से अर्जित की गई मानी जा रही है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अपराधिक इतिहास और पुलिस का रुख

​जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक कुमार और शिवांश गुप्ता का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द के साथ उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, जितेन्द्र सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu