बस्ती में 'गैस संकट' के बीच सक्रिय हुए सिलेंडर चोर: 5 सेकंड में किचन से उड़ा ले गया भरा हुआ सिलेंडर, CCTV में कैद हुई वारदात

 



रविंद्र भट्ट, बस्ती

ब्यूरो रिपोर्ट

बस्ती: जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला राहुल पाल के घर का है, जहाँ एक शातिर चोर ने दिनदहाड़े घर में घुसकर महज 5 सेकंड के भीतर भरा हुआ एलपीजी (LPG) सिलेंडर पार कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

डिलीवरी बॉय बनकर आया था चोर

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर ने लाल रंग की कॉलर टी-शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी, जिससे वह बिल्कुल किसी गैस एजेंसी के डिलीवरी बॉय जैसा लग रहा था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जब घर का मुख्य दरवाजा खुला था, चोर बड़ी चालाकी से अंदर दाखिल हुआ। वह सीधे किचन में पहुँचा और कंधे पर सिलेंडर लादकर रफूचक्कर हो गया। खास बात यह रही कि किचन में अन्य कीमती सामान और बाहर खड़ी बाइक को चोर ने हाथ तक नहीं लगाया, जिससे साफ है कि वह सिर्फ सिलेंडर चुराने के इरादे से ही आया था।

तीन गुना दाम में खरीदा था सिलेंडर

पीड़ित मकान मालिक राहुल पाल ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध (अमेरिका-इजराइल और ईरान विवाद) के कारण देश में एलपीजी की भारी किल्लत चल रही है। उन्होंने बड़ी मशक्कत और पैरवी के बाद दो दिन पहले ही तीन गुना ज्यादा दाम चुकाकर इस सिलेंडर का इंतजाम किया था। राहुल ने बताया, "सोचा था कि किल्लत के समय काम आएगा, लेकिन चोर ने अरमानों पर पानी फेर दिया। अब समझ नहीं आ रहा कि दोबारा जुगाड़ कैसे होगा।"

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी मोती चंद्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की शिनाख्त की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित को उसका सिलेंडर बरामद कराकर वापस दिया जाएगा।

सावधान रहें स्थानीय निवासी

गैस सिलेंडर की इस किल्लत के बीच शहर में चोर गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अपने घरों के मुख्य दरवाजे बंद रखें और अनजान व्यक्तियों के प्रवेश पर नजर रखें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu