बस्ती मंडल न्यूज़ | ब्यूरो रिपोर्ट: संतकबीरनगर
खलीलाबाद। संतकबीरनगर पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का एक साथ खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को धर दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
घेराबंदी कर डड़वा नहर पुलिया से हुई गिरफ्तारी
मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई खलीलाबाद पुलिस टीम ने आशुतोष राना और सुरेंद्र को डड़वा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से निम्नलिखित सामान बरामद हुआ:
- 3 बैटरियां (टावर और टेंपो से चोरी की गई)
- 1 गैस सिलेंडर (स्कूल से चोरी किया गया)
- 1130 रुपये नकद
- 1 मोटरसाइकिल (चोरी और माल ढोने में प्रयुक्त)
इन तीन बड़ी चोरियों को दिया था अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पिछले डेढ़ महीने के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया था:
- सरकारी स्कूल में चोरी: करीब डेढ़ महीने पहले सरौली गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, बर्तन, राशन और बच्चों के खेलने का सामान पार किया था।
- मोबाइल टावर पर धावा: 12 मार्च की रात रगड़गंज स्थित एयरटेल मोबाइल टावर से दो कीमती बैटरियां चोरी की थीं।
- सब्जी मंडी में हाथ साफ: 11 मार्च को नवीन सब्जी मंडी में सब्जी खरीद रहे एक व्यक्ति के टेंपो से बैटरी चुरा ली थी।
पिता की बाइक से करते थे रेकी और चोरी
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का माल बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश में थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपी आशुतोष ने खुलासा किया कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने और माल ठिकाने लगाने के लिए वह अपने पिता की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। आशुतोष रेकी करता था जबकि सुरेंद्र चोरी की घटना को अंजाम देता था।
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल अनावरण में उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी, इंद्रभूषण सिंह, अश्वनी तिवारी और उनकी टीम के हेड कांस्टेबल व कांस्टेबलों की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और चोरी का माल खरीदने वालों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

0 टिप्पणियाँ