बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: रविंद्र भट्ट, बस्ती
मुंडेरवा, बस्ती। जनपद के मुंडेरवा थाना क्षेत्र में सरकारी अधिकारी के नाम पर जालसाजी का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एक शातिर ठग ने नायब तहसीलदार न्यायालय में चल रहे मुकदमे का फैसला पक्ष में कराने का झांसा देकर एक महिला से 50 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार हुई महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सरकारी कर्मचारी बताकर की धोखाधड़ी
मामला मुंडेरवा थाना क्षेत्र के मेड़ामझारी गांव का है। पीड़िता विंध्यवासिनी पत्नी केदारनाथ ने पुलिस को बताया कि उनका एक मामला नायब तहसीलदार बस्ती सदर के न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के भरोहिया डारीडिहा निवासी पिंटू गिरि उर्फ विपिन गिरी ने खुद को नायब तहसीलदार कार्यालय का कर्मचारी बताकर महिला को अपने जाल में फंसा लिया।
पक्ष में फैसले के नाम पर ली रकम
पीड़िता के अनुसार, 17 जुलाई 2025 को आरोपी ने उन्हें बहला-फुसलाकर इस भरोसे में लिया कि वह मुकदमे का फैसला उनके पक्ष में करवा देगा। इसके बदले में आरोपी ने महिला से 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब काम नहीं हुआ, तो महिला ने छानबीन शुरू की। जांच में पता चला कि पिंटू गिरि कोई सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि एक निजी व्यक्ति है जो अधिकारियों के नाम पर लोगों को ठगता है।
कॉल रिकॉर्डिंग बनी अहम सबूत
जागरूक महिला ने आरोपी के साथ हुई बातचीत को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा गया है। पीड़िता ने 23 मार्च को मुंडेरवा थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंडेरवा थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पिंटू गिरि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

0 टिप्पणियाँ