बस्ती मण्डल न्यूज | अम्बेडकरनगर | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा
अम्बेडकरनगर। जनपद के जहाँगीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भौरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर एक तालाब में युवक का शव उतराता हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
शौच के लिए निकला था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 32 वर्षीय विनोद पुत्र मंगरु के रूप में हुई है, जो इसी भौरा गांव का निवासी था। परिजनों ने बताया कि विनोद बुधवार सुबह रोज की तरह शौच के लिए घर से निकले थे। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे, तो परिवार के लोग चिंतित हो गए और उनकी खोजबीन शुरू की गई।
तालाब में मिला शव, गांव में पसरा सन्नाटा
काफी तलाश के बाद ग्रामीणों ने विनोद का शव गांव के बाहर स्थित एक तालाब में पानी के ऊपर देखा। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि शौच के दौरान अचानक पैर फिसलने की वजह से वह गहरे पानी में चले गए होंगे और डूबने से उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पहुँचे जलालपुर थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

0 टिप्पणियाँ