सिद्धार्थनगर: नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म का आरोपी दीपक गिरफ्तार, चिल्हिया पुलिस ने गौहनिया बाजार से दबोचा

 



बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: गोविंद कुमार

चिल्हिया (सिद्धार्थनगर)। सिद्धार्थनगर जनपद के चिल्हिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत रविवार को सुनिश्चित की गई।

गौहनिया बाजार में छिपा था आरोपी

​मिली जानकारी के अनुसार, चिल्हिया थाने में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। रविवार को पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली कि आरोपी गौहनिया बाजार क्षेत्र में छिपा हुआ है और कहीं भागने की फिराक में है।

घेराबंदी कर दबोचा गया दीपक

​सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की और आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक पुत्र उमाशंकर, निवासी ग्राम दहियाड़, थाना चिल्हिया के रूप में हुई है।

न्यायालय में पेश, टीम को सराहना

​गिरफ्तारी के बाद आरोपी दीपक के खिलाफ आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद के साथ कांस्टेबल चन्द्रजीत यादव और महिला कांस्टेबल कंचन यादव सहित चिल्हिया थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu