बस्ती में टोल प्लाजा पर घमासान: 35 किमी में दो टोल का विरोध, ट्रक एसोसिएशन ने घेरा कार्यालय | बस्ती मंडल न्यूज़

 


बस्ती | रिपोर्ट: रविंद्र भट्ट (बस्ती मंडल न्यूज़)

​बस्ती जनपद में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के नियमों को लेकर ट्रक एसोसिएशन और टोल प्रशासन के बीच आर-पार की जंग छिड़ गई है। बस्ती मंडल न्यूज़ के रिपोर्टर रविंद्र भट्ट की ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, मड़वानगर टोल ऑफिस पर सोमवार को ट्रक मालिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ट्रक एसोसिएशन का सीधा आरोप है कि टोल प्रशासन नियमों को ताक पर रखकर अवैध वसूली कर रहा है।

35 किलोमीटर में दो टोल, नियमों की उड़ी धज्जियां

​ट्रक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राज कुमार सिंह के नेतृत्व में जुटे पदाधिकारियों ने बताया कि नियम के विरुद्ध जिले में मात्र 35 किलोमीटर के दायरे में दो टोल प्लाजा संचालित किए जा रहे हैं। एसोसिएशन का कहना है कि सिद्धार्थनगर-बढ़नी मार्ग अवरुद्ध होने के कारण वे प्रशासन की मदद के लिए इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन टोल प्रशासन इसका अनुचित लाभ उठा रहा है।

स्थानीय वाहनों को 50% छूट की मांग

बस्ती मंडल न्यूज़ की पड़ताल में सामने आया है कि एसोसिएशन की मुख्य मांग स्थानीय पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों को टोल शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दिलाना है।

  • ​एसोसिएशन का प्रस्ताव है कि हर्रैया टोल पर 50 रुपये और दूसरे टोल पर स्थानीय होने के नाते मात्र 10 रुपये शुल्क लिया जाए।
  • ​आरोप है कि टोल प्रशासन इन मांगों को अनसुना कर दोनों टोलों पर कुल 150 रुपये वसूलने का दबाव बना रहा है।

आर-पार की लड़ाई का ऐलान

​एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि दो दिन पहले पत्र देने के बावजूद टोल प्रबंधन ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक टोल प्रशासन लिखित में यह स्पष्ट नहीं करता कि 35 किलोमीटर के भीतर दो टोल क्यों चलाए जा रहे हैं, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

​ऐसी ही सटीक और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहिये बस्ती मंडल न्यूज़ के साथ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu