![]() |
| सांड़ से टकराई कार। |
छावनी (बस्ती)। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता रवींद्र भट्ट :
बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से बस्ती की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार सड़क पर अचानक आए सांड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, हालांकि गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, मारुति वैगनआर कार (यूपी 42 बीके 2999) अयोध्या की तरफ से बस्ती की ओर आ रही थी। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही कार पटकापुर स्थित अरविंद पैलेस के पास पहुँची, तभी दूसरी लेन पर आपस में लड़ रहे सांड़ों में से एक सांड़ अचानक डिवाइडर कूदकर कार के सामने आ गया। तेज रफ्तार होने के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे सांड़ से जा टकराई।
स्थानीय लोगों ने की मदद
भीषण टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है, लेकिन सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर के बाद सांड़ भी घायल होकर गिरा, लेकिन कुछ ही देर बाद वह उठकर मौके से भाग निकला।
नहीं हुई कोई कानूनी कार्रवाई
घटना के बाद सुरक्षित बचे कार सवारों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया गया। इस मामले में खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई लिखित सूचना नहीं दी गई थी और न ही कोई कानूनी कार्रवाई शुरू हुई थी। नेशनल हाईवे पर आवारा पशुओं के कारण होने वाले ऐसे हादसे आए दिन राहगीरों के लिए मुसीबत बन रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ