![]() |
| टूटा हुआ खंभा |
कुदरहा (बस्ती सदर) | बस्ती मंडल न्यूज़ संवाददाता
बस्ती: राम-जानकी मार्ग स्थित बैसिया चौराहे के पास विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ एलटी लाइन का एक बिजली का खंभा नीचे से पूरी तरह टूटकर जर्जर हो चुका है, जो कभी भी राहगीरों या पास के खेतों में काम कर रहे किसानों पर गिर सकता है। हैरानी की बात यह है कि इसी टूटे हुए खंभे के सहारे अभी भी बिजली की आपूर्ति धड़ल्ले से जारी है।
महीनों से शिकायत, पर विभाग की आँखें बंद
स्थानीय ग्रामीणों—संदीप, अखिलेश, अंकेश और जीतबहादुर—ने रोष जताते हुए बताया कि यह खंभा पिछले कई महीनों से इसी हालत में है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को इस खतरे से अवगत कराया, लेकिन विभागीय अनदेखी के कारण अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। राम-जानकी मार्ग पर हर समय आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में यह खंभा किसी भी वक्त काल बन सकता है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार?
जब इस गंभीर मामले में विभाग का पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो एसडीओ शिवानंद सिंह ने बताया कि:
"जूनियर इंजीनियर (जेई) को निर्देशित कर एस्टीमेट बनवाया जाएगा। रिपोर्ट विभाग को भेजने के बाद जल्द ही जर्जर खंभे को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।"
हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?
स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? जर्जर खंभा और उस पर दौड़ता हाई-वोल्टेज करंट किसी भी दिन बैसिया चौराहे पर मातम पसरा सकता है।

0 टिप्पणियाँ