अफवाहों के चक्रव्यूह में फंसे उपभोक्ता, सुबह 4 बजे से ही जुटी हजारों की भीड़

गैस सिलेंडर के लिए लाइन में जाते लोग


बस्ती/बनकटी | विशेष रिपोर्ट: बस्ती मंडल न्यूज़

बस्ती: जिले के बनकटी विकासखंड अंतर्गत महादेवा चौराहे पर स्थित महागौरी गैस एजेंसी पर आज सुबह एक अजीबो-गरीब और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। गैस सिलेंडर की किल्लत और कीमतों को लेकर फैली एक छोटी सी 'अफवाह' ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आलम यह था कि सिलेंडर पाने की होड़ में पुरुष, महिलाएं और यहाँ तक कि बच्चे भी सिर पर सिलेंडर उठाए भागते नजर आए।

तड़के 4 बजे से कतारें, 7 बजे टूट पड़ा सब्र का बांध

बस्ती मंडल न्यूज़ की पड़ताल में सामने आया कि महादेवा चौराहे पर लोग सुबह 4 बजे से ही खाली सिलेंडर लेकर लाइन में लग गए थे। कड़ाके की ठंड और अंधेरे के बावजूद हजारों की संख्या में लोग इस डर से डटे रहे कि शायद कल गैस न मिले। जैसे ही सुबह 7 बजे एजेंसी का गेट खुला, व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और लोग अंदर की ओर दौड़ पड़े।

अफवाह बनी जी का जंजाल

​इस पूरी अव्यवस्था की जड़ में सिलेंडर की कीमतों और भविष्य में होने वाली किल्लत की अफवाहें बताई जा रही हैं। स्थानीय निवासी मनोज कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि गलत संदेश फैलने के कारण लोग बिना जरूरत के भी सिलेंडर रिफिल कराने के लिए उतावले हो रहे हैं। जिनके पास अभी गैस उपलब्ध है, वे भी भविष्य के डर से स्टॉक जमा करने की कोशिश में लाइन में लगे हैं।

प्रबुद्ध जनों की अपील: शांति बनाए रखें

​क्षेत्र के रामानंद यादव ने बस्ती मंडल न्यूज़ के माध्यम से जनता से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा:

​"क्षेत्र में गैस की कोई वास्तविक किल्लत नहीं है। लोग भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। बिना जरूरत के सिलेंडर खरीदने से उन लोगों को परेशानी हो रही है जिन्हें आज वाकई में जरूरत है। कृपया शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करें और अफवाहों से बचें।"


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu