आस्था की डगर पर काल बनीं मधुमक्खियां, बाबा के दर्शन करने आए श्रद्धालु की हमले में मौत



अम्बेडकरनगर | विशेष रिपोर्ट: बस्ती मंडल न्यूज़

जलालपुर (अम्बेडकरनगर): जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्सरी बाजार स्थित औघड़ बाबा स्थान पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ दर्शन करने आए एक 55 वर्षीय श्रद्धालु की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और परिवार में कोहराम मच गया।

मंगलवारी मेले के दौरान अचानक हुआ हमला

बस्ती मंडल न्यूज़ को मिली जानकारी के अनुसार, औघड़ बाबा स्थान पर हर मंगलवार को मेला लगता है, जहाँ दूर-दराज से श्रद्धालु मत्था टेकने आते हैं। जैतपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कुठमा निवासी संतराम (55 वर्ष) पुत्र निम्मन अपनी पत्नी यशोदा देवी के साथ बाबा के दर्शन करने पहुँचे थे। मंदिर परिसर में स्थित एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था, जिससे अचानक मधुमक्खियों का झुंड निकला और लोगों पर हमला बोल दिया।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम

​प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले से संतराम बुरी तरह घिर गए और जमीन पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही डायल 112 और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुँची। घायल संतराम को आनन-फानन में सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी यशोदा देवी ने रोते हुए बताया कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनके पति की सांसें थम गईं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

​मृतक संतराम का एक बेटा है, जो रोजी-रोटी के सिलसिले में हरियाणा के पानीपत में रहता है। पिता की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया है। बसखारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

बस्ती मंडल न्यूज़ की सावधानी अपील:

​सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर यदि मधुमक्खियों के छत्ते दिखाई दें, तो वहां शोर करने या धुआं करने से बचें। प्रशासन और मंदिर समितियों को भी ऐसे छत्तों को समय रहते सुरक्षित तरीके से हटवाने की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि किसी और श्रद्धालु की जान जोखिम में न पड़े।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu