Ad Code

ब्रेकिंग न्यूज़: लोड हो रहा है... ताज़ा हेडलाइंस आ रही हैं...

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का बड़ा दावा: देश में 50 करोड़ फर्जी राशन कार्ड, जांच हुई तो 30 करोड़ रह जाएगी संख्या


अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने राशन कार्डों को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया है। अकबरपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजभर ने कहा कि देश में बड़े पैमाने पर फर्जी राशन कार्ड बने हुए हैं और यदि इनकी निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो वर्तमान में 80 करोड़ राशन कार्ड धारकों की संख्या घटकर मात्र 30 करोड़ रह जाएगी।
"अमीर भी उठा रहे गरीबों के हक का लाभ"
ओमप्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश में ऐसे तमाम लोग हैं जिनके पास खुद के पक्के मकान, बंगले और गाड़ियां हैं, लेकिन उन्होंने भी फर्जी तरीके से राशन कार्ड बनवा रखे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोग सरकारी राशन लेकर या तो अपने जानवरों को खिला देते हैं या फिर उसे खुले बाजार में बेच देते हैं।
राजभर ने यह भी याद दिलाया कि जब सरकार ने एक बार इन फर्जी कार्डों की जांच शुरू की थी, तो पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन होने लगे थे। उनका मानना है कि सही जांच से ही वास्तविक और पात्र लाभार्थियों को उनका हक मिल सकेगा।
सपा पर हमला: बताया बीजेपी की 'बी टीम'
राशन कार्ड के मुद्दे के साथ-साथ राजभर ने सियासी वार करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) को भारतीय जनता पार्टी की 'बी टीम' करार दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जहां भी चुनाव प्रचार करने जाते हैं, वहां अंततः भाजपा की ही सरकार बनती है। उन्होंने मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, हरियाणा और बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि सपा प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा की मदद करती है।
कांग्रेस और अखिलेश के रिश्तों पर कटाक्ष
अखिलेश यादव द्वारा कांग्रेस को 'चालू पार्टी' कहे जाने वाले पुराने बयानों का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा कि जब सपा प्रमुख खुद कांग्रेस को वोट न देने की अपील करते हैं, तो इसका सीधा मतलब यही है कि वे भाजपा की राह आसान कर रहे हैं। राजभर के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu