बस्ती मंडल न्यूज | अम्बेडकरनगर
ब्यूरो रिपोर्ट: मृत्युंजय शर्मा
अम्बेडकरनगर। परिवहन विभाग द्वारा लागू की गई 'वन टाइम टैक्स' (One Time Tax) व्यवस्था के खिलाफ जनपद के जेसीबी संचालकों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में जेसीबी संचालकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
क्या है संचालकों की मुख्य समस्या?
जेसीबी यूनियन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में जुटे संचालकों का कहना है कि वे पहले पुरानी टैक्स व्यवस्था के तहत नियमित रूप से कर का भुगतान कर रहे थे। लेकिन शासन द्वारा अचानक लागू की गई नई 'वन टाइम टैक्स' व्यवस्था उनके व्यवसाय के लिए घातक साबित हो रही है।
पुरानी मशीनों पर भी टैक्स की मार
संचालकों का आरोप है कि यह नई व्यवस्था न केवल नई बल्कि पुरानी मशीनों पर भी थोप दी गई है। इससे संचालकों पर आर्थिक बोझ इतना बढ़ गया है कि उनके लिए मशीनों का संचालन करना अब मुमकिन नहीं रह गया है। जिलाध्यक्ष ने साफ कहा कि अगर यही हाल रहा तो सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा और उन्हें अपना व्यवसाय बंद करना पड़ेगा।
15 दिन का अल्टीमेटम, बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने शासन और प्रशासन को चेताया है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर इस नई कर प्रणाली को वापस लेकर पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो जेसीबी यूनियन जिले स्तर पर एक बड़ा आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी।
बस्ती मंडल न्यूज (Basti Mandal News) - आम जन की आवाज, हर खबर पर पैनी नजर।

0 टिप्पणियाँ