मृत्युंजय शर्मा | बस्ती मंडल न्यूज़
अम्बेडकरनगर। जनपदवासियों के लिए राहत भरी खबर है। जिले की 19 प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों के कायाकल्प के लिए शासन ने लगभग 22.69 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि को मंजूरी दे दी है। बस्ती मंडल न्यूज़ के संवाददाता मृत्युंजय शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, इस पहल से जर्जर सड़कों के कारण होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी और ग्रामीण अंचलों का सीधा जुड़ाव तहसील व जिला मुख्यालय से और भी मजबूत होगा।
MLC डॉ. हरिओम पांडेय की पहल लाई रंग
इन सड़कों के नवीनीकरण और निर्माण का प्रस्ताव एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय द्वारा शासन को भेजा गया था। प्रस्ताव पर मुहर लगने के साथ ही शासन ने पहली किस्त का आवंटन भी कर दिया है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक स्थानीय लोगों की पहुंच आसान हो जाएगी।
इन प्रमुख मार्गों की बदलेगी तस्वीर
स्वीकृत की गई 19 सड़कों में कई महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं, जिनमें प्रमुख रूप से ये हैं:
- टांडा-रायबरेली मार्ग और सुल्तानगढ़-गौरा-महमदपुर-कर्बला-रफीगंज मार्ग।
- नेवादा-बंदीपुर-कटका-सेमरा मार्ग और मालीपुर-धमरूवा-नेमपुर घाट मार्ग।
- टांडा-हंसवर-मकरही-चहोडा-डामरमऊ-जहांगीरगंज मार्ग।
- जहांगीरगंज-रामबाग-लुंबिनी-दुद्दी मार्ग से दोस्तपुर-अकबरपुर-जलालपुर-नेवरी मार्ग।
- पिलखवां से गोपालपुर चौराहा और बेवाना-कुढ़ा मार्ग से मुस्लिम जगदीशपुर होते हुए श्मशान घाट तक का संपर्क मार्ग।
जल्द शुरू होगा काम: लोक निर्माण विभाग
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह और अश्विनी पांडेय ने बताया कि निर्माण और नवीनीकरण का जिम्मा प्रांतीय तथा निर्माण खंड को सौंपा गया है। प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।

0 टिप्पणियाँ