रामनगर (बस्ती): उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सोमवार की दोपहर आग लगने से दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सोनहा थाना क्षेत्र के असनहरा चौकी अंतर्गत तुसायल गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे करीब 2 लाख रुपये का कीमती सामान जलकर खाक हो गया।
दोपहर 12 बजे अचानक भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सबसे पहले सुरेंद्र माली (पुत्र महंत माली) की झोपड़ी में आग लगी। तेज हवाओं के चलते आग तुरंत पास ही स्थित राजेश (पुत्र मंगरू माली) के घर और झोपड़ी तक फैल गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब तक काबू पाया जाता, तब तक सब कुछ जल चुका था।
लाखों का नुकसान, दाने-दाने को मोहताज परिवार
इस अग्निकांड में राजेश के परिवार को सबसे ज्यादा क्षति हुई है। उनकी झोपड़ी में रखी:
दो साइकिल और एक सिलाई मशीन
दो गैस सिलेंडर और चूल्हा
7 क्विंटल अनाज (गेहूं और चावल)
बर्तन, कपड़े और 10 हजार रुपये नकद
सब कुछ जलकर राख हो गया। पीड़ित सुरेंद्र माली का भी लगभग 20 हजार रुपये का सामान इस आग की भेंट चढ़ गया। अब इन परिवारों के पास न तो पहनने को कपड़े बचे हैं और न ही खाने के लिए अनाज।
पुलिस और ग्रामीणों ने बुझाई आग
सूचना मिलने पर असनहरा चौकी प्रभारी जिेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे अन्य घर चपेट में आने से बच गए।
प्रशासन ने दिया मदद का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी (SDM) भानपुर, हिमांशु कुमार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा है कि राजस्व टीम मौके की जांच करेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
0 टिप्पणियाँ