सिद्धार्थनगर। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर नशीली दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को कपिलवस्तु थाना पुलिस और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक नेपाली युवक को भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाओं के साथ दबोच लिया। आरोपी के पास से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल, गोलियां, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
चेकिंग के दौरान धरा गया तस्कर
यह कामयाबी कपिलवस्तु थाना क्षेत्र के ठकुरापुर खडंजा मार्ग पर मिली। सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी की टीम सघन तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे एक युवक को रुकने का इशारा किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से नशीली दवाओं का जखीरा बरामद हुआ।
बरामदगी का विवरण:
SPM-PRX: 79 कैप्सूल
CARISPAS: 9 रैपर (72 कैप्सूल)
ALPRAZOLAM: 6 रैपर (59 गोलियां)
इसके अलावा 4 डिब्बों में अन्य नशीली गोलियां बरामद हुई हैं।
नेपाल का निवासी है आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान अब्दुल रहमान (पुत्र अब्दुल समद) के रूप में हुई है। वह नेपाल के कपिलवस्तु जिले के माया देवी वार्ड नंबर 4, थाना पकड़ी का रहने वाला है। पुलिस की शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह दवाएं भारतीय क्षेत्र से नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाई जा रही थीं।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
कपिलवस्तु थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन से सफेदपोश चेहरे शामिल हैं।
"सीमावर्ती इलाकों में नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को पनपने नहीं दिया जाएगा।" - अधिकारी, कपिलवस्तु थाना
0 टिप्पणियाँ