बस्ती मंडल न्यूज,बस्ती। जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के मजगवां गांव में शुक्रवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान मजगवां निवासी फौजदार के पुत्र सोनू गौतम (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे घर के अंदर युवक का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, सोनू की शादी करीब ढाई महीने पहले ही हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक कलह को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना पर पैकोलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।