बस्ती मंडल न्यूज,सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश सरकार ने नेपाल सीमा से सटे बढ़नी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत करने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 19 करोड़ 66 लाख 11 हजार रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए शासन ने 9 करोड़ 83 लाख 5 हजार रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है।


नई परियोजना के तहत आधुनिक सीएचसी भवन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही 20 बेड का मातृ एवं शिशु केंद्र भी स्थापित होगा, जिससे बढ़नी कस्बे, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और नेपाल सीमा से लगे इलाकों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।


बताया गया कि इस स्वीकृति से पहले शोहरतगढ़ से अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुखता से उठाई थी।


विधायक विनय वर्मा ने कहा कि बढ़नी पीएचसी को सीएचसी में बदलने की मांग लंबे समय से की जा रही थी और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना के साकार होने से क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी।


उन्होंने बताया कि सीएचसी बनने के बाद मरीजों को सामान्य और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे इलाज के लिए जिला मुख्यालय या अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी। वहीं, 20 बेड के मातृ एवं शिशु केंद्र से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को सुरक्षित प्रसव एवं बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी।


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पहली किस्त जारी होने के बाद निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। परियोजना पूरी होने पर सीमावर्ती बढ़नी क्षेत्र का स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होगा और हजारों लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।