डुमरियागंज।
 कल मंगलवार विधानसभा क्षेत्र के भवानीगंज मंडल अंतर्गत केवटली नानकार में आयोजित "खटिया बतकही" कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को धार देने की कोशिश की। कार्यक्रम में ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों, उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को प्रमुखता से गिनाया गया।

कार्यक्रम के समापन पर पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने, घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने विकास, सुशासन और जनसेवा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की अपील की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता रघुनंदन पांडे,लवकुश ओझा ,धर्मराज चौधरी ,बबलू चौधरी के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता और मंडल पदाधिकारी मौजूद रहे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों के जरिए भाजपा ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी संगठनात्मक पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।