प्रतीकात्मक चित्र 

बस्ती मंडल न्यूज,सिद्धार्थनगर। जिले की दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। इस योजना के तहत 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को अधिकतम 65 हजार रुपये तक की ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी संदीप मौर्य ने बताया कि योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को स्कूल, कॉलेज, प्रशिक्षण संस्थान, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और छात्रावास तक आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

यह योजना मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, सेरेब्रल पाल्सी और हीमोफीलिया जैसी दिव्यांगता से ग्रसित छात्राओं के लिए लागू की गई है। पात्रता के अनुसार छात्रा की दृष्टि और मानसिक स्थिति सामान्य होनी चाहिए तथा कमर के ऊपरी हिस्से की शारीरिक क्षमता इतनी हो कि वह सुरक्षित रूप से ई-ट्राईसाइकिल चला सके। साथ ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र या यूडीआईडी कार्ड का मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से प्रमाणित होना अनिवार्य है।

योजना का लाभ केवल उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जिनके परिवार आयकरदाता नहीं हैं। गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, पिछले 25 वर्षों में किसी भी सरकारी या अन्य योजना से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त कर चुकी छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।

आवेदन के लिए संबंधित स्कूल, कॉलेज या प्रशिक्षण संस्थान से अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र आवश्यक होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अधिक जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक छात्राएं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या-12, सिद्धार्थनगर में संपर्क कर सकती हैं।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद की सभी पात्र दिव्यांग छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से समय पर आवेदन करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं इस योजना का लाभ उठाकर अपनी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रख सकें।