बस्ती मंडल न्यूज,खलीलाबाद/संतकबीरनगर: संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के निखरकपार गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। खेत देखने गए 22 वर्षीय युवक मुकेश की बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक व्याप्त है।
खेत में बिछी थी मौत की बिसात
मृतक के भाई विनोद ने बताया कि उनका छोटा भाई मुकेश शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित अपने खेत को देखने गया था। खेत के पास ही बिजली का पोल लगा हुआ था, जिसमें अचानक करंट उतर आया था। जैसे ही मुकेश का संपर्क पोल से हुआ, वह जोरदार करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन और ग्रामीण तुरंत मुकेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही खलीलाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया। कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोग जर्जर तारों और असुरक्षित बिजली पोलों की मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ