बस्ती मंडल न्यूज,सिद्धार्थनगर: जिले की शिवनगर डिड़ई थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 23 जून को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 85 लाख रुपये आंकी गई है।
बस से नोएडा भेजने की थी योजना
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बेलगढ़ी टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को यह सफलता मिली। तस्करों की योजना इस बड़ी खेप को बस के माध्यम से नोएडा (गौतमबुद्धनगर) भेजने की थी। पुलिस को देखते ही चार संदिग्धों में अफरा-तफरी मच गई, जिनमें से तीन आरोपी भागने में सफल रहे, जबकि एक को पुलिस ने दबोच लिया।
आरोपी का है लंबा आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपी की पहचान श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित (निवासी फर्रुखाबाद) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसे कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों में पिंटू चौरसिया और सूर्य प्रकाश चौरसिया अयार गांव के निवासी हैं, जो वर्तमान में नोएडा में रह रहे हैं। पिंटू चौरसिया पर भी हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस ने थाना शिवनगर डिड़ई में मुकदमा अपराध संख्या 50/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। एएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगा रही हैं कि गांजा कहां से लाया गया था और इसका मुख्य सप्लायर कौन है। फरार आरोपियों की तलाश में विशेष पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस टीम को शाबाशी
इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक राजीव जी भट्ट, मुख्य आरक्षी जितेंद्र गौतम, मुख्य आरक्षी सुशील राय, आरक्षी सौरभ सिंह और आरक्षी अजय कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उच्चाधिकारियों ने टीम के साहस की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

0 टिप्पणियाँ