संतकबीरनगर। जनपद की धर्मसिंहवा पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मेंहदूपार गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से उगाई जा रही 21 किलोग्राम अफीम के पौधे बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना पर धर्मसिंहवा पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक
थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेंहदूपार निवासी अब्दुल कलाम पुत्र करीमुल्लाह अपने खेत में चोरी-छिपे अफीम की खेती कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और खेत की क्यारी में दबिश दी।
बरामदगी: छापेमारी के दौरान पुलिस ने 21 किलो हरे अफीम के पौधे (जड़, फल और फूल समेत) जब्त किए।
कबूलनामा: आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने रातों-रात अमीर बनने और भारी आर्थिक लाभ कमाने के चक्कर में अफीम की बुआई की थी।
48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी चोट
संतकबीरनगर पुलिस इन दिनों नशा तस्करों काल बनी हुई है। महज दो दिन पहले ही दुधारा पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये की अफीम के साथ एक तस्कर को दबोचा था। बैक-टू-बैक हुई इन कार्रवाइयों से अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस सफल ऑपरेशन में थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा के साथ एसआई शिव कुमार यादव, कांस्टेबल ओमवीर सिंह, दीपक खरवार और महिला कांस्टेबल पूनम गौड़ व आशा देवी शामिल रहीं। आरोपी के खिलाफ धारा 8/18 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजा गया है।
0 टिप्पणियाँ