सिद्धार्थनगर। जनपद में नकली एवं संदिग्ध दवाओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो मेडिकल स्टोरों पर दवा बिक्री तत्काल प्रभाव से रोक दी है। वहीं पांच संदिग्ध दवाओं के नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।


जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने एसएसबी की टीम के साथ अलीगढ़वा और बढ़नी क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान अलीगढ़वा स्थित डॉक्टर खान मेडिकल स्टोर पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की धारा 22(1)(d) के तहत दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई। इस संबंध में कपिलवस्तु थाना प्रभारी को भी सूचित किया गया है।


इसके बाद अलीगढ़वा बाजार स्थित सोना मेडिकल स्टोर से दो संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


वहीं बढ़नी के लोहिया नगर स्थित शशी फार्मा का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां से तीन संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए गए और मौके पर दवा बिक्री पर रोक लगा दी गई। साथ ही प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति सहायक आयुक्त (औषधि), बस्ती मंडल को भेजी गई है।


औषधि निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में नकली, संदिग्ध और मानकविहीन दवाओं के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।